महिला अधिकारो के प्रति होना होगा संवेदनशील

 ओबरा (सोनभद्र) : ओबरा कोतवाली क्षेत्र के दुर्गम कन्हरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं सहित गांव की महिलाओं को सुरक्षा संबंधी कई जानकारियां दी गई। मुख्य अतिथि ओबरा क्षेत्राधिकारी भास्कर वर्मा ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति सभी को संवेदनशील होकर कार्य करना चाहिए। समाज व पुरुष वर्ग को बालिकाओं व महिलाओं के प्रति सोच बदलनी होगी। इस दौरान उन्होंने कोरोना टीकाकरण पर भी जोर दिया। थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने कहा कि गांव की बेटी घर की बेटी के नारे को अंगीकार करना होगा, तभी समाज से दुराचार जैसी घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा। महिला पुलिसकर्मी अनीता सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा चलाए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों, महिला हेल्प डेस्क, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सैनिटाइजर और मास्क का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में कन्हरा के ग्राम प्रधान धनेश जायसवाल, एसआई चंद्रभान सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक गण मौजूद रहे।